
दिल्ली के भजनपुरा इलाके में फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेलकम निवासी जासिम उर्फ आलू (23) और कैफ उर्फ डीजे (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, 18 कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर 12 राउंड फायरिंग की। दो गोलियां पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 16 राउंड फायर किए, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मामला दो अक्टूबर की रात का है, जब भजनपुरा थाना क्षेत्र के सुभाष विहार में एक घर पर फायरिंग की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, दो युवक स्कूटी से पहुंचे और पिस्टल से उसकी ओर तथा हवा में गोलियां चलाईं। गोलियां मकान की कांच की रेलिंग और बाहरी दीवार में लगीं, हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने शिकायतकर्ता के घर पर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कथित तौर पर गैंगस्टर राशिद उर्फ केबलवाला के कहने पर वारदात को अंजाम देने की बात बताई है।



