
उत्तरकाशी में गंगोत्री धाम से गोमुख तक बढ़ती ट्रैकिंग गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री से गोमुख तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर हर ट्रैकर और यात्री का पूरा विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
गोमुख ट्रैक स्थित भोजवासा पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने निर्देश दिए कि किसी यात्री के लापता होने, दुर्घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई की जाए। दुर्गम क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों की व्यवस्थाओं और तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
गंगोत्री धाम में भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी, भीड़ बढ़ने पर यातायात डायवर्जन तथा नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में गोमुख-तपोवन क्षेत्र में अचानक बर्फबारी के कारण 121 ट्रेकर्स फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित गंगोत्री पहुंचाया गया था। ऐसे में ट्रैक पर यात्रियों का रिकॉर्ड रखने और त्वरित रेस्पॉन्स व्यवस्था को अहम माना जा रहा है।



