अभिषेक शर्मा ने रचा नया इतिहास, टी20 में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बने

टी20 क्रिकेट में भारत के विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से नया कीर्तिमान रच दिया है। उन्होंने सिर्फ 28 पारियों में 189.51 के स्ट्राइक रेट से 1000 रन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान अभिषेक ने 6 अर्धशतक और 2 शतक जड़े हैं।
अभिषेक अब टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम पारियों में 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।
इंग्लैंड के डेविड मलान ने यह आंकड़ा 24 पारियों में छुआ था। वहीं, बाबर आजम और डेवोन कॉनवे ने 26-26 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
भारत के लिए यह रिकॉर्ड पहले विराट कोहली के नाम था, जिन्होंने 27 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे।
528 गेंदों में पूरा किया 1000 रन का आंकड़ा:
>अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 528 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ, जिससे वे टी20 इंटरनेशनल में सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
>इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 573 गेंदों में 1000 रन पूरे किए थे।
>तुलना करें तो फिल सॉल्ट (599 गेंदें), ग्लेन मैक्सवेल (604 गेंदें) और आंद्रे रसेल व फिन एलन (609 गेंदें) इस सूची में पीछे रह गए।
गाबा में खेले जा रहे मुकाबले में अभिषेक को शुरुआती ओवरों में दो जीवनदान मिले और उन्होंने इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए एक बार फिर अपनी आक्रामक पारी से दर्शकों का दिल जीत लिया।


