गोवा में इतिहास रचा जाएगा: PM मोदी करेंगे 77 फुट ऊंची विश्व की सबसे बड़ी श्रीराम प्रतिमा का अनावरण

गोवा के दक्षिणी जिले कनकोणा में स्थित श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ में गुरुवार को एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां 77 फुट ऊंची भगवान श्रीराम की भव्य कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा मशहूर मूर्तिकार राम सुतार द्वारा तैयार की गई है, जिन्होंने गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का डिजाइन भी बनाया था। यह दुनिया में भगवान राम की सबसे ऊंची प्रतिमा बताई जा रही है।
PM मोदी दोपहर 3:45 बजे मठ पहुंचेंगे, जहां उनके आगमन के लिए परिसर में विशेष हेलिपैड बनाया गया है। अनावरण कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मठ स्थित प्राचीन मंदिर में दर्शन करेंगे और फिर एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू, मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य भी शामिल होंगे।
मठ की 550 वर्षीय परंपरा को समर्पित उत्सव 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक चलेंगे। इस दौरान रोजाना 7,000 से 10,000 श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। 370 साल पुराने इस मठ परिसर को हाल ही में आधुनिक स्वरूप देकर पूरी तरह से नवीनीकृत किया गया है।



