उत्तराखंड

रुद्रपुर में विधायक का धरना रंग लाया: 5 करोड़ के कम्युनिटी हॉल का लेआउट तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू

Listen to this News

ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य शुरू न होने पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने गुरुवार को मंडी परिषद मुख्यालय में धरना दिया। विधायक के विरोध के बाद विभागीय अधिकारियों ने निर्माण स्थल का लेआउट तैयार कराने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कराई, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि 8 जुलाई को कम्युनिटी हॉल का भूमि पूजन किया गया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। उनका आरोप था कि कई बार मंडी परिषद के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से संपर्क करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई और निर्माण स्थल का लेआउट तक तैयार नहीं कराया गया, जिससे पूरी परियोजना ठप पड़ी रही।

धरने के दौरान विधायक ने कहा कि विकास कार्य शुरू कराने के लिए जनप्रतिनिधियों को धरने पर बैठना पड़े, यह संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने क्षेत्र में निर्माणाधीन अस्पताल के कार्यों की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की।

धरने के बाद मंडी परिषद के अधिकारियों ने विधायक को भरोसा दिलाया कि कम्युनिटी हॉल के निर्माण में अब किसी प्रकार की देरी नहीं होगी और लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के आश्वासन के बाद विधायक ने धरना समाप्त कर दिया और कहा कि जल्द निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बहुप्रतीक्षित सामुदायिक सुविधा मिल सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button