RBSE 12वीं रिजल्ट 2026 जारी: विज्ञान में पांच छात्रों के 99.80%, कला में तीन अव्वल, वाणिज्य में छात्रा टॉपर

जयपुर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने मंगलवार सुबह 12वीं कक्षा के कला, वाणिज्य और विज्ञान तीनों संकायों का परिणाम जारी कर दिया। इस बार तीनों स्ट्रीम में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जहां विज्ञान में पांच छात्रों ने संयुक्त रूप से 99.80 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया।
विज्ञान वर्ग में कुल 97.52 प्रतिशत छात्र सफल रहे। इस स्ट्रीम में पांच विद्यार्थियों ने 99.80% के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। छात्राओं का प्रदर्शन यहां भी बेहतर रहा, जहां उनका पास प्रतिशत 98.34% और छात्रों का 97.02% दर्ज किया गया।
कला वर्ग में भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। तीन विद्यार्थियों ने 99.60 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया, जबकि कुल पास प्रतिशत 97.54% रहा। इस स्ट्रीम में छात्राओं का रिजल्ट 98.29% और छात्रों का 96.68% दर्ज किया गया।
वाणिज्य वर्ग में इस बार एक छात्रा ने 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर टॉप किया। हालांकि इस स्ट्रीम का कुल परिणाम 93.64% रहा, जो तीनों संकायों में सबसे कम है। यहां छात्रों का प्रदर्शन छात्राओं से थोड़ा बेहतर रहा।
बोर्ड के अनुसार, इस वर्ष 12वीं परीक्षा में कुल 9,10,009 छात्र पंजीकृत थे। परीक्षाएं 11 मार्च को समाप्त हुई थीं और यह बोर्ड के इतिहास में पहली बार है जब मार्च महीने में ही 12वीं का परिणाम जारी किया गया।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने परिणाम जारी करते हुए अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को फोन पर बधाई दी। रिजल्ट के साथ स्ट्रीम-वाइज टॉपर्स लिस्ट और पास प्रतिशत भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।



