नेपाल का नया नियम: 100 रुपये से ज्यादा सामान पर शुल्क, भारत-नेपाल व्यापार पर असर

अररिया/सीमावर्ती क्षेत्र: नेपाल सरकार के नए फैसले से भारत-नेपाल सीमा पर व्यापार और आवाजाही प्रभावित होने लगी है। अब भारत से 100 रुपये से अधिक मूल्य का सामान लेकर नेपाल जाने पर कस्टम ड्यूटी (भंसार) देना अनिवार्य कर दिया गया है।
इस सख्ती के बाद सीमा पार खरीदारी करने वाले लोगों की संख्या में कमी देखी जा रही है, जिससे सीमावर्ती बाजारों में व्यापार भी प्रभावित हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह नियम नेपाल सरकार ने अपने घरेलू उत्पादों को बढ़ावा देने और आयात पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से लागू किया है।
नई व्यवस्था के तहत कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू वस्तुओं पर भी जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे आम लोगों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
इस फैसले से खासकर छोटे व्यापारियों और रोजमर्रा की खरीदारी करने वाले लोगों पर असर पड़ा है। साथ ही, भारत-नेपाल के पारंपरिक व्यापारिक संबंधों पर भी इसका असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।



