देश
भागलपुर में सेप्टिक टैंक बना मौत का गड्ढा: दम घुटने से 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, खैरपुर कदवा इलाके में शौचालय की टंकी की सेटिंग खोलने के दौरान मजदूर अंदर उतरे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मजदूर बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतरे थे, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।


