उत्तराखंड में एक महीने में 10 बार भूकंप के झटके, वैज्ञानिकों ने जताई चिंता

उत्तराखंड में भूकंपीय गतिविधियां लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। अप्रैल 2026 के महीने में राज्य में अब तक 10 बार भूकंप के झटके दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे वैज्ञानिकों और प्रशासन की नजरें इस क्षेत्र पर टिकी हुई हैं।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इन झटकों की तीव्रता भले ही कम रही हो, लेकिन इनकी आवृत्ति ने चिंता जरूर बढ़ाई है। 11 अप्रैल को पौड़ी गढ़वाल में 3.3 और 3.6 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए, जबकि 14 अप्रैल को पिथौरागढ़ में 3.4 तीव्रता का झटका महसूस हुआ।
इसके बाद 16 अप्रैल को फिर पिथौरागढ़ में हल्का भूकंप आया। 19 अप्रैल को बागेश्वर में एक ही दिन में तीन बार धरती हिली, जिनकी तीव्रता 2.6 से 3.1 के बीच रही। 20 और 21 अप्रैल को भी बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में हल्के झटके दर्ज किए गए।
वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालयी क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए इस तरह के कम तीव्रता वाले भूकंप समय-समय पर आते रहते हैं। हालांकि, लगातार हो रही गतिविधियां भविष्य में किसी बड़े भूकंप की संभावना को लेकर सतर्क रहने का संकेत देती हैं।


