गंगा एक्सप्रेसवे: पूर्व से पश्चिम तक सफर होगा आसान, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला महत्वाकांक्षी गंगा एक्सप्रेसवे जल्द ही आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल 2026 को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।
करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक फैला हुआ है, जो राज्य के 12 जिलों को जोड़ते हुए बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा का समय काफी कम होकर लगभग 6 से 7 घंटे रह जाएगा, जो पहले 10-12 घंटे तक लगता था।
परियोजना को लगभग 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है और इसे 6-लेन एक्सप्रेसवे के रूप में विकसित किया गया है, जिसे भविष्य में 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है।
सरकार के अनुसार, यह एक्सप्रेसवे न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि राज्य के औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक विकास को भी नई गति देगा। साथ ही किसानों और व्यापारियों के लिए बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश में रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।



