टिहरी: घनसाली में गैस किल्लत पर फूटा गुस्सा, पूर्व विधायक ने खाली सिलिंडर कंधे पर रखकर किया प्रदर्शन

उत्तराखंड के टिहरी जनपद के घनसाली क्षेत्र में रसोई गैस की भारी किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। गैस संकट के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक भीम लाल आर्य ने किया, जिन्होंने कंधे पर खाली गैस सिलिंडर रखकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने घनसाली बैरियर से गैस एजेंसी तक रैली निकालकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गैस की भारी कमी बनी हुई है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ होटल व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। चारधाम यात्रा के चलते बढ़ी भीड़ के बीच गैस की उपलब्धता न होने से यात्रियों को भोजन तक नहीं मिल पा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर आरोप लगाया कि समस्याओं के समाधान के बजाय केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



