केदारनाथ यात्रा: दो दिन का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने देर रात कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

Kedarnath यात्रा को लेकर मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने देर रात जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी के माध्यम से यात्रा मार्ग, संवेदनशील स्थानों और मौसम की स्थिति की निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगरानी और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने साफ कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए 24 घंटे सतर्क रहना जरूरी है।
इसके अलावा, एसओएस कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई और निर्देश दिए गए कि सूचना का आदान-प्रदान तेज और सटीक होना चाहिए, ताकि आपदा या आपात स्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स दिया जा सके।



