चमोली में लाटू देवता मंदिर के कपाट खुले: छह महीने तक श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन, परंपरा के अनुसार पुजारी ने आंखों पर पट्टी बांधकर की पूजा

चमोली। उत्तराखंड के वाण गांव स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट शुक्रवार को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अब यह पवित्र मंदिर अगले छह महीनों तक दर्शन के लिए खुला रहेगा।
कपाट खुलने की प्रक्रिया बेहद खास और पारंपरिक तरीके से संपन्न हुई। मंदिर के पुजारी ने आंखों पर पट्टी बांधकर गर्भगृह में प्रवेश किया और पूजा-अर्चना की, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए द्वार खोल दिए गए।
मंदिर के कपाट खुलते ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालुओं ने “जय लाटू देवता” के जयकारों के साथ उत्साह व्यक्त किया। इस अवसर पर देव नृत्य, झोड़ा-चांचड़ी जैसे पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ भंडारे का आयोजन भी किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, लाटू देवता को मां नंदा देवी का धर्म भाई माना जाता है और यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष बैसाख पूर्णिमा पर कपाट खोले जाते हैं और छह महीने बाद शीतकाल में बंद कर दिए जाते हैं।



