देहरादून: राहुल गांधी के पीए बनकर महिला से 25 लाख की ठगी, राजनीतिक फायदा दिलाने का झांसा

उत्तराखंड की राजधानी Dehradun में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला से खुद को Rahul Gandhi का पीए बताकर 25 लाख रुपये ठग लिए गए।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनसे संपर्क कर खुद को बड़े नेताओं से जुड़ा बताया। एक आरोपी ने खुद को राहुल गांधी का पीए “कनिष्क” बताते हुए भरोसा जीतने के लिए कथित तौर पर कई राजनीतिक व्यक्तियों से फोन पर बात भी कराई।
आरोपियों ने महिला को बताया कि देहरादून के एक पांच सितारा होटल में कई विधायक ठहरे हुए हैं और उनके खर्च के लिए तत्काल धन की जरूरत है। इसके बदले राजनीतिक लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।
शिकायत के अनुसार, 13 अप्रैल को महिला से बैंक ट्रांजेक्शन और नकद के जरिए करीब 25 लाख रुपये ले लिए गए। पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में संपर्क तोड़ दिया।
पीड़िता की शिकायत पर राजपुर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।



