उत्तराखंड: अलग रसोई होने पर अलग परिवार माने जाएंगे, जनगणना के पहले चरण में नया आधार तय

देहरादून में चल रही जनगणना के पहले चरण के दौरान परिवार की परिभाषा को लेकर बड़ा स्पष्टिकरण सामने आया है। अब किसी भी घर में परिवार की गणना रसोई (किचन) के आधार पर की जाएगी।
जनगणना निदेशालय के अनुसार, यदि एक ही घर में रहने वाले लोग एक ही रसोई से भोजन करते हैं, तो उन्हें एक परिवार माना जाएगा। वहीं, यदि एक ही मकान में अलग-अलग रसोई हैं, तो उन्हें अलग-अलग परिवारों के रूप में गिना जाएगा।
इस नियम के तहत, यदि पिता और पुत्र एक ही घर में रहते हुए अलग-अलग रसोई चलाते हैं, तो उन्हें दो अलग परिवार माना जाएगा। इसी तरह, किसी घर में तीन अलग रसोई होने पर तीन परिवारों की गणना की जाएगी।
जनगणना का पहला चरण प्रदेशभर में मकान सूचीकरण और आवासीय गणना के रूप में चल रहा है, जिसमें लोगों के बीच परिवार की गिनती को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस बार गणना का मुख्य आधार रसोई व्यवस्था ही होगा।



