बरेली में सुरंग बनाकर फैक्ट्री से चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो घायल

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस ने सुरंग बनाकर फैक्ट्री के गोदाम से तांबा चोरी करने वाले तीन बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सीबीगंज क्षेत्र स्थित पद्मावती एसोसिएट फर्म के गोदाम से करीब 20 लाख रुपये मूल्य का दो टन तांबा स्क्रैप चोरी हुआ था। आरोपियों ने फैक्ट्री की दीवार के पास सुरंग बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में 28 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
बुधवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चोरी का तांबा बेचने जा रहे हैं। इसके बाद बंडिया नहर के पास चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने ई-रिक्शा सवार संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निजाम, अब्दुल समी और मोहम्मद खालिद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी, ई-रिक्शा और चोरी किया गया 65 किलो तांबे का तार बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



