कोडरमा में ट्रेनों में भारी भीड़: गर्मी की छुट्टियों और शादी सीजन के चलते लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल

कोडरमा। झारखंड के कोडरमा स्टेशन से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में इन दिनों यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। गर्मी की छुट्टियों और शादी-विवाह के सीजन के कारण अधिकांश ट्रेनों में अगले कई हफ्तों तक सीटें फुल हो चुकी हैं। यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार दिल्ली, अहमदाबाद, अमृतसर, जम्मू और मुंबई रूट की ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव है। वंदे भारत, राजधानी, पूर्वा एक्सप्रेस, कालका मेल और हमसफर जैसी प्रमुख ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं। तत्काल टिकट मिलना भी यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
यात्रियों का कहना है कि जैसे ही अगले 60 दिनों की बुकिंग विंडो खुलती है, कुछ ही समय में सीटें खत्म हो जाती हैं। रेलवे स्टेशन और ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म पर लगातार भीड़ बनी हुई है। कई लोग अब स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं ताकि यात्रा आसान हो सके।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक समर वेकेशन और लगातार शुभ विवाह मुहूर्तों के चलते जून और जुलाई तक ट्रेनों में भीड़ बनी रहने की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और टिकट समय रहते बुक करें।



