देहरादून: महंगे शौक के लिए नशा तस्करी में उतरे छह छात्र गिरफ्तार, 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद

देहरादून: महंगे शौक पूरे करने के लिए कथित तौर पर नशा तस्करी में शामिल छह युवकों को राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी देहरादून के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को एमडीएमए बेचते थे। आरोपियों के कब्जे से कुल 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाही रिजॉर्ट के पास की गई, जहां कार सवार चार युवकों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 27.12 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत और चिराग रस्तोगी के रूप में हुई है।
इसके बाद पुलिस टीम ने सहस्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा और वैभव ममगांई को गिरफ्तार किया। इनके पास से 17.49 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ राजपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों का संपर्क दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू से सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली से एमडीएमए मंगाकर देहरादून और अन्य स्थानों पर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। मामले में दिल्ली कनेक्शन और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमडीएमए के अलावा एक इग्निस कार और ड्रग्स रखने में इस्तेमाल किए जाने वाले 12 पॉलीथीन पैकेट भी बरामद किए हैं।



