विकासनगर में मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला, रंजिश में युवक ने पत्थर की सिल से किया वार

देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में शनिवार को एक मेडिकल स्टोर संचालक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते एक सिरफिरे युवक ने मेडिकल स्टोर मालिक पर पत्थर की सिल (पाठल) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह घायल को बचाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने बीच सड़क पर अचानक हमला किया, जिससे लोग दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश तेज कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष है और उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।



