चारधाम यात्रा 2026: द्वितीय केदार मदमहेश्वर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुले
उत्तराखंड की पवित्र चारधाम यात्रा के बीच आज रुद्रप्रयाग जिले स्थित द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर मंदिर के कपाट विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मंगलवार को भगवान मदमहेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली अपने रात्रि प्रवास के लिए गौंडार गांव पहुंची थी, जहां ग्रामीणों और भक्तों ने भव्य स्वागत किया। बुधवार सुबह डोली धाम पहुंची, जिसके बाद शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट खोले गए।
रांसी गांव स्थित राकेश्वरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद भगवान मदमहेश्वर की डोली अपने मूल धाम के लिए रवाना हुई। घने जंगलों और पहाड़ी रास्तों से होकर भक्तों के साथ यात्रा करते हुए डोली मंदिर पहुंची।
मदमहेश्वर मंदिर पंचकेदारों में द्वितीय केदार के रूप में प्रसिद्ध है और यहां भगवान शिव की नाभि स्वरूप पूजा की जाती है। कपाट खुलने के साथ ही अब श्रद्धालु अगले छह महीनों तक बाबा मदमहेश्वर के दर्शन कर सकेंगे।



