उत्तराखंड में दो बाघों की मौत से हड़कंप, वन मंत्री ने दिए जांच के आदेश

उत्तराखंड में दो बाघों की मौत के मामले ने वन विभाग में हड़कंप मचा दिया है। राजाजी टाइगर रिजर्व के बफर जोन से जुड़े श्यामपुर रेंज क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में दो बाघों के शव मिलने के बाद वन मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
वन मंत्री ने घटना को गंभीर बताते हुए अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। साथ ही श्यामपुर रेंज अधिकारी से भी जवाब मांगा गया है। प्रारंभिक जांच में बाघों की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम इलाके में लगातार निगरानी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरण संगठनों ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी जांच की मांग की है।
उत्तराखंड में हाल के वर्षों में बाघों की मौत और मानव-वन्यजीव संघर्ष के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता बढ़ रही है।



