उधमसिंह नगर में दर्दनाक सड़क हादसा, कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत में चालक की मौत; पांच घायल

उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले में बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी स्टेट हाईवे पर बरहैनी जीआईसी के सामने तेज रफ्तार कार और ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।



