हेमकुंड साहिब यात्रा 2026: गोविंदघाट से रवाना हुआ पहला जत्था, कल खुलेंगे कपाट

उत्तराखंड में पवित्र हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को श्रद्धालुओं का पहला जत्था गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुआ। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
गोविंदघाट और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर मेडिकल कैंप, पुलिस बल और आपदा राहत टीमों की तैनाती भी की गई है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम लगातार बदल रहा है, इसलिए श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।



