टनकपुर–हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस का संचालन शुरू, रेल मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून। उत्तराखंड और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए टनकपुर–हजूर साहिब नांदेड़ एक्सप्रेस का संचालन सोमवार से शुरू हो गया। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन के शुरू होने से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से सिख श्रद्धालुओं को हजूर साहिब नांदेड़ तक यात्रा करने में बड़ी सुविधा होगी, जबकि कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए भी लंबी दूरी की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे लगातार देशभर में रेल संपर्क को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने टनकपुर–पीलीभीत रेल सेवा को शाहजहांपुर तक विस्तार दिए जाने की भी जानकारी दी।



