उत्तराखंड में अतिक्रमण पर सख्त हुए सीएम धामी, सरकारी जमीन और शत्रु संपत्तियों को खाली कराने के निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सरकारी जमीनों और शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को लेकर सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकारी भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द कार्रवाई कर जमीनों को कब्जामुक्त कराया जाए।
खटीमा स्थित आवास से आयोजित वर्चुअल बैठक में सीएम धामी ने ग्राम सभा क्षेत्रों की सरकारी जमीनों की जांच कराने और भू-कानून के उल्लंघन में खरीदी गई जमीनों की पड़ताल तेज करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में अवैध कब्जा या फर्जीवाड़ा मिलने पर संबंधित जमीन को सरकार के अधीन लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्यभर में शत्रु संपत्तियों से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही वक्फ संपत्तियों की नियमित समीक्षा, दूसरे राज्यों के शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।
बैठक में मानसून तैयारियों, चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं, बिजली कटौती, पेयजल आपूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत को लेकर भी अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए। सीएम धामी ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।



