यूपी में डिजिटल क्रांति लाएगा योगी सरकार का ‘प्रोजेक्ट गंगा’, 20 लाख घरों तक पहुंचेगा हाई-स्पीड इंटरनेट

उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए ‘प्रोजेक्ट गंगा’ की शुरुआत की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अगले दो से तीन वर्षों में करीब 20 लाख घरों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, इस परियोजना के लिए राज्य परिवर्तन आयोग (STC) और हिंदुजा समूह की कंपनी One OTT Entertainment Limited के बीच समझौता हुआ है। सरकार का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण इलाकों में डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा और ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल स्किलिंग को बढ़ावा मिलेगा।
‘प्रोजेक्ट गंगा’ के तहत 8,000 से 10,000 स्थानीय युवाओं को डिजिटल सर्विस प्रोवाइडर (DSP) के रूप में तैयार किया जाएगा। इसके जरिए एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सरकार ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं के लिए सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई है।
सरकार का दावा है कि यह परियोजना गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में डिजिटल डिवाइड को कम करने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। खासतौर पर सीमावर्ती जिलों में इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जाएगा।



