देश

भारत 114 नए राफेल लड़ाकू विमान खरीदने की तैयारी में, फ्रांस पहुंचे वायुसेना प्रमुख

Listen to this News

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना की ताकत बढ़ाने की दिशा में भारत ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार 114 नए राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है। इसी सिलसिले में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह फ्रांस दौरे पर पहुंचे हैं, जहां इस बहुचर्चित रक्षा सौदे पर महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, भारत ने फ्रांस को 114 राफेल विमानों की खरीद के लिए औपचारिक लेटर ऑफ रिक्वेस्ट (LoR) भेज दिया है। इस सौदे की अनुमानित लागत करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये बताई जा रही है, जो भारत के सबसे बड़े रक्षा खरीद कार्यक्रमों में से एक होगा।

प्रस्तावित योजना के तहत कुछ विमान सीधे फ्रांस से प्राप्त किए जाएंगे, जबकि अधिकांश विमानों का निर्माण भारत में किया जाएगा। यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा देने के साथ-साथ देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को भी मजबूत करेगी।

भारतीय वायुसेना वर्तमान में लड़ाकू स्क्वाड्रनों की कमी की चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे में 114 नए राफेल विमानों की खरीद को वायुसेना की परिचालन क्षमता बढ़ाने और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौरतलब है कि भारत पहले ही 36 राफेल लड़ाकू विमान अपने बेड़े में शामिल कर चुका है। नए सौदे के पूरा होने के बाद भारतीय वायुसेना की मारक क्षमता और रणनीतिक ताकत में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button