उत्तराखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक बदलाव: वरिष्ठ नेताओं के फीडबैक के बाद अजय कुमार की हुई विदाई

उत्तराखंड भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल देखने को मिला है। पार्टी के संगठन महामंत्री अजय कुमार को राजस्थान भेजे जाने के पीछे अब अंदरूनी असंतोष और वरिष्ठ नेताओं के फीडबैक की चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश भाजपा के कई वरिष्ठ नेता नहीं चाहते थे कि अजय कुमार लंबे समय तक उत्तराखंड में बने रहें।
बताया जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और संगठन से जुड़े पदाधिकारियों की ओर से अजय कुमार के कामकाज को लेकर फीडबैक दिया गया था। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने संगठन में बदलाव का फैसला लिया और अजय कुमार को नई जिम्मेदारी देते हुए राजस्थान भेज दिया गया।
अजय कुमार लंबे समय से उत्तराखंड भाजपा में संगठन महामंत्री के पद पर कार्यरत थे और उन्हें बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का श्रेय भी दिया जाता रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय से संगठन के भीतर उनके कार्यशैली को लेकर असंतोष की चर्चाएं भी सामने आती रही थीं।
यह बदलाव भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के हालिया उत्तराखंड दौरे के तुरंत बाद हुआ है, जिससे राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन में नई टीम और नए समीकरणों पर काम कर रही है।



