उत्तराखंड दौरे पर राहुल गांधी, अंकिता भंडारी के परिजनों से करेंगे मुलाकात, मसूरी में रात्रि प्रवास का कार्यक्रम

देहरादून। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी पौड़ी जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ ही चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी अंकिता भंडारी के परिवार से मिलकर उनका हालचाल जानेंगे और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह सामाजिक और जनसरोकारों से जुड़े अन्य लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं। उनके कार्यक्रम में मोहम्मद दीपक से भेंट भी शामिल बताई जा रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी का यह दौरा केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद स्थापित करने का प्रयास भी है। दौरे के दौरान वह स्थानीय मुद्दों और जनभावनाओं को समझने का प्रयास करेंगे।
जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी के मसूरी में रात्रि प्रवास का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पार्टी संगठन स्तर पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
राहुल गांधी के उत्तराखंड आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस दौरे से प्रदेश में संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हैं।



