पटना फायरिंग मामले में आज खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई, गिरफ्तारी पर टिकी निगाहें

पटना: चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना के चर्चित कोचिंग फायरिंग मामले में उनकी ओर से सोमवार को अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) याचिका दायर की जानी है, जिस पर अदालत में सुनवाई होने की संभावना है।
इससे पहले यह चर्चा थी कि खान सर पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेन्डर) कर सकते हैं, लेकिन उनके वकील ने स्पष्ट किया कि फिलहाल वे सरेन्डर नहीं करेंगे और कानूनी राहत के लिए अग्रिम जमानत का रास्ता अपनाएंगे।
मामला उस घटना से जुड़ा है जिसमें पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग संस्थान के बाहर तोड़फोड़, पथराव और कथित फायरिंग हुई थी। घटना में एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दर्ज एफआईआर में खान सर का नाम भी शामिल किया गया है, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की आशंका बढ़ गई है।
पुलिस ने मामले में कोचिंग संस्थान के दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार किया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है। वहीं, खान सर ने पहले इस हमले को साजिश बताते हुए प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान पर संदेह जताया था, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अब सबकी नजरें अदालत के फैसले पर टिकी हैं। यदि अग्रिम जमानत याचिका खारिज होती है तो खान सर की गिरफ्तारी का रास्ता खुल सकता है, जबकि राहत मिलने पर उन्हें तत्काल गिरफ्तारी से संरक्षण मिल जाएगा।



