उत्तराखंड में बारिश का कहर: भारी वर्षा का ऑरेंज और रेड अलर्ट, 115 सड़कें बंद, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश, भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। राज्यभर में 115 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे जनजीवन और चारधाम यात्रा दोनों प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एहतियातन देहरादून, टिहरी, नैनीताल समेत कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर यातायात बाधित हो गया है। नदियों और गदेरों का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।



