उत्तराखंड

हाथ पर गुदा था ‘राजपाल यादव’, फिर भी नहीं मिली पहचान; 8 दिन बाद मौत, पुलिस ने लावारिस के रूप में किया अंतिम संस्कार

Listen to this News

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है। सड़क पर बेहोशी की हालत में मिले एक अज्ञात व्यक्ति की उपचार के दौरान आठ दिन बाद मौत हो गई। उसके हाथ पर ‘राजपाल यादव’ नाम गुदा हुआ था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी पहचान नहीं हो सकी। आखिरकार पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसका अंतिम संस्कार लावारिस के रूप में कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 20 जून को कोतवाली क्षेत्र में यह व्यक्ति बेहोश अवस्था में मिला था, जिसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 27 जून को उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर और उपलब्ध जानकारी आसपास के थानों समेत उत्तर प्रदेश तक भेजी। हालांकि, 72 घंटे की निर्धारित कानूनी अवधि पूरी होने के बाद भी कोई परिजन या परिचित सामने नहीं आया। इसके बाद पोस्टमार्टम कर नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार लावारिस के रूप में कर दिया गया।

पुलिस का अनुमान है कि मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष थी और वह संभवतः मजदूरी करता था। उसके हाथ और कमर पर चोट के निशान भी मिले थे। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है और यह घटना एक बार फिर उन लोगों की पीड़ा को सामने लाती है, जिनकी मौत के बाद भी कोई अपना सामने नहीं आता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button