उत्तराखंड

उत्तराखंड में 8.39 लाख और वोट हटाने की तैयारी, SIR के तहत 14 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट मतदाता सूची

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची से 8.39 लाख और मतदाताओं के नाम हटाने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले प्री-एसआईआर अभियान में 4.53 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जा चुके हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, हटाए जाने वाले नाम मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, दोहरे पंजीकरण या सत्यापन के दौरान अनुपस्थित पाए गए मतदाताओं से संबंधित हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे के अनुसार, एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे SIR अभियान के तहत आठ जून से सात जुलाई तक गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। अब तक 79.60 लाख मतदाताओं में से लगभग 70.98 लाख मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 8,39,486 मतदाता ‘अनकलेक्टेड’ श्रेणी में हैं। इनमें 1.23 लाख मृत, 4.77 लाख स्थायी रूप से स्थानांतरित, 61,764 दोहरे पंजीकरण वाले, 1.68 लाख अनुपस्थित तथा अन्य श्रेणियों के मतदाता शामिल हैं। इन नामों को 14 जुलाई को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची से अलग किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर अधिक से अधिक बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की भी अपील की है, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button