देहरादून: गोदाम की बिजली लाइन ठीक करते समय करंट लगने से मिस्त्री की मौत, परिवार में पसरा मातम

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में गोदाम की खराब बिजली लाइन ठीक करने के दौरान करंट लगने से 40 वर्षीय बिजली मिस्त्री की मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात शिमला बाईपास स्थित एक गोदाम के बाहर हुआ। गंभीर रूप से घायल मिस्त्री को पहले निजी अस्पताल और फिर हायर सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गोदाम में देर रात बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। फॉल्ट ठीक कराने के लिए आसपास से बिजली मिस्त्री संदीप कश्यप को बुलाया गया। मौके पर पहुंचने के बाद संदीप गोदाम के बाहर लगे बिजली के पोल पर चढ़कर मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ बिजली का फॉल्ट हुआ और उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट लगने से वह पोल से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोदाम के कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें कंपनी के वाहन से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संदीप कश्यप (40) निवासी बड़ोवाला, थाना पटेलनगर के रूप में हुई है।



