राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे पर सीएम धामी का तंज, बोले- चुनाव के समय आना-जाना लगा रहता है

देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के दौरे पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय नेताओं का आना-जाना सामान्य बात है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी चुनाव से पहले लगातार प्रदेश आते और जनता के बीच रहते, तब इसे गंभीरता से लिया जा सकता था।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सक्रिय हुई है और इसी वजह से उसके बड़े नेताओं के दौरे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी मौसम में इस तरह की राजनीतिक गतिविधियां स्वाभाविक हैं।
पेपर लीक के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि उनकी सरकार में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस विषय पर कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल और अपनी पार्टी से जुड़े सवालों के जवाब देने चाहिए।
बता दें कि राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून पहुंचेंगे, जहां वह कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। कांग्रेस प्रदेश इकाई ने उनके दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं, जबकि भाजपा इसे चुनावी राजनीति से जोड़कर देख रही है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर दोनों दलों के बीच सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।



