बदरीनाथ धाम में बारिश के बीच उमड़ी आस्था, अलकनंदा नदी उफान पर; श्रद्धालु कर रहे भगवान बदरी विशाल के दर्शन

चमोली: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भी बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था अडिग बनी हुई है। शनिवार सुबह से धाम में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है, लेकिन इसके बावजूद देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। वहीं, लगातार बारिश के कारण अलकनंदा नदी भी उफान पर बह रही है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
बारिश के बीच बदरीनाथ धाम की पर्वत चोटियों पर हल्की बर्फ की चादर बिछी हुई है, जबकि पहाड़ों की तलहटी में फैले हरे-भरे बुग्याल श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। मंदिर परिसर और सिंहद्वार पर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी हुई हैं और श्रद्धालु अपनी बारी का शांतिपूर्वक इंतजार कर रहे हैं।
चारधाम यात्रा का दूसरा चरण जारी है। पहले चरण की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन स्थानीय होटल व्यवसायियों का कहना है कि पिछले वर्षों की अपेक्षा इस बार बारिश के मौसम में भी तीर्थयात्रियों की अच्छी आमद बनी हुई है। दर्शन के बाद श्रद्धालु माणा गांव सहित आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कर रहे हैं।
लगातार बारिश और अलकनंदा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। श्रद्धालुओं से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रह सके।



