उत्तराखंड

हर्रावाला से 13 जुलाई को सोमनाथ के लिए चलेगी विशेष आस्था ट्रेन, 720 श्रद्धालु करेंगे यात्रा

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए विशेष आस्था ट्रेन संचालित की जाएगी। इस विशेष रेल यात्रा में प्रदेश के 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम के दर्शन के लिए रवाना होंगे। यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

संस्कृति निदेशालय ने इस संबंध में मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। जानकारी के अनुसार, उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर संस्कृति विभाग ने ट्रेन के लिए रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 9 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया है।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पीने का पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारी और संपर्क व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित ठहराव भी रखा गया है।

सरकार की योजना के अनुसार, हर्रावाला रेलवे स्टेशन से इस विशेष आस्था ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके लिए स्टेशन पर मंच, पंडाल, अतिथियों के स्वागत, बैठक व्यवस्था और ट्रेन की विशेष सजावट की तैयारियां भी की जा रही हैं। संस्कृति विभाग का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक धार्मिक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button