बिहार: मोकामा विधायक अनंत सिंह के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं, बड़ा हादसा टला

पटना। बिहार के मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह का काफिला एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। यह दुर्घटना पटना-मोकामा फोरलेन पर अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के पास हुई, जहां काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि विधायक अनंत सिंह पूरी तरह सुरक्षित रहे और इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह एक शादी समारोह से पटना लौट रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर अचानक एक ट्रैक्टर के रुक जाने से काफिले की आगे चल रही गाड़ी उससे टकरा गई। इसके बाद पीछे आ रहे कई वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए, जिससे चार गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी वाहनों में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कुछ समर्थकों को मामूली चोटें आईं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई। अनंत सिंह की गाड़ी इस टक्कर की चपेट में नहीं आई और वह सुरक्षित रहे।
दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



