केतन अग्रवाल हत्याकांड: बेटे को जल्द न्याय दिलाने की मांग, मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा भावुक पत्र

पुणे: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में न्याय की मांग अब प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गई है। मृतक केतन अग्रवाल की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक पत्र लिखकर मामले में शीघ्र न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
अपने पत्र में राखी अग्रवाल ने बेटे की हत्या के बाद परिवार पर पड़े गहरे मानसिक और भावनात्मक आघात का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि बेटे को खोने के बाद उनकी पूरी दुनिया उजड़ गई है और न्याय मिलने में हो रही देरी उनके दर्द को और बढ़ा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर निष्पक्ष, त्वरित जांच और जल्द न्याय सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
राखी अग्रवाल ने पत्र में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उनके परिवार को न्यायपालिका और सरकार पर पूरा भरोसा है। उनका कहना है कि दोषियों को शीघ्र सजा मिलने से न केवल उनके परिवार को न्याय मिलेगा, बल्कि समाज में कानून के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले केतन अग्रवाल के पिता भी देश की राष्ट्रपति से मामले की त्वरित जांच और जल्द सुनवाई की मांग कर चुके हैं। अब मां की भावुक अपील के बाद इस मामले ने एक बार फिर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया फिलहाल जारी है।



