उत्तराखंड

बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का गणेश गोदियाल पर पलटवार, बोले- झूठे आरोपों से नहीं बच पाएगी कांग्रेस

Listen to this News

देहरादून। बदरीनाथ धाम के चढ़ावा हेराफेरी मामले को लेकर उत्तराखंड की सियासत लगातार गर्म होती जा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों के बाद अब श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रही है, जबकि समिति शुरू से ही पारदर्शी जांच के पक्ष में रही है।

हेमंत द्विवेदी ने कहा कि जैसे ही चढ़ावे में कथित अनियमितता की शिकायत सामने आई, बीकेटीसी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को निलंबित किया और जांच समिति गठित कर दी। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समिति भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है।

द्विवेदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक व्यवस्था संभाली, वे आज राजनीतिक लाभ के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तथ्यों के बजाय भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है और जनता सब कुछ देख रही है।

गौरतलब है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बीकेटीसी अध्यक्ष को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी थी और चढ़ावा हेराफेरी मामले में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

उधर, बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले की जांच समानांतर रूप से बीकेटीसी और राज्य सरकार की ओर से गठित समितियां कर रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button