उत्तराखंड अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति घोटाला: जांच के लिए एसआईटी गठित, 19 शिक्षण संस्थानों पर एफआईआर

देहरादून। उत्तराखंड में अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच अब तेज हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। हरिद्वार जिले के 19 शिक्षण संस्थानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप है कि छात्रवृत्ति योजना के तहत फर्जी दस्तावेजों और संदिग्ध छात्र रिकॉर्ड के आधार पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर वर्ष 2021-22 और 2022-23 के दौरान कई संस्थानों द्वारा भेजे गए आवेदनों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर जांच कराई गई और शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी छात्रवृत्ति आवेदनों, प्रवेश रजिस्टर, उपस्थिति रिकॉर्ड, बैंक लेनदेन और लाभार्थियों के दस्तावेजों की विस्तृत जांच करेगी। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं फर्जी छात्रों के नाम पर छात्रवृत्ति की राशि तो नहीं निकाली गई और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल करेंगी कि यदि किसी सरकारी अधिकारी, संस्थान प्रबंधन या अन्य व्यक्ति की मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



