हरेला पर सीएम धामी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, खटीमा स्थित आवास पर मां के साथ किया पौधरोपण

खटीमा/देहरादून: हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने खटीमा स्थित आवास पर अपनी माता बिशना देवी के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत प्रकृति से जुड़ी हुई है और बदलते जलवायु परिस्थितियों के बीच जल स्रोतों, जंगलों और जैव विविधता का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सीएम धामी ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रदेशभर में हरेला पर्व के अवसर पर सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों द्वारा व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। राज्य सरकार ने भी इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया।



