केदारनाथ पैदल मार्ग पर बड़ा हादसा टला: गहरी खाई में गिरा युवक, SDRF ने चलाया सफल रेस्क्यू अभियान
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गौरीकुंड से करीब दो किलोमीटर आगे छोड़ी (छौड़ी) क्षेत्र के पास एक युवक गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कठिन परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जिला आपदा परिचालन केंद्र (DEOC) रुद्रप्रयाग से सूचना मिलने के बाद गौरीकुंड पोस्ट से टीम कमांडर आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय पुलिस, जिला आपदा प्रतिवादन बल (DDRF) और YMF के सहयोग से अंधेरे और खराब मौसम के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने दुर्गम और खड़ी ढलान वाले क्षेत्र में उतरकर घायल युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर गौरीकुंड लाया। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। घायल युवक की पहचान मोहित रावत, निवासी बड़ासू गांव, रुद्रप्रयाग जिले के रूप में हुई है।
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी हुई है। मानसून के मद्देनजर SDRF की टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार तैनात हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर कार्य कर रही हैं। प्रशासन ने यात्रियों से बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



