देहरादून में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, बन्नू स्कूल मैदान में तैयारियां तेज; कांग्रेस नेताओं ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

देहरादून: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में छात्रों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में शामिल होंगे। कार्यक्रम अब बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा, जहां कांग्रेस नेताओं ने तैयारियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर मंच, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल होंगे और राहुल गांधी शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे।
इससे पहले यह कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में प्रस्तावित था, लेकिन प्रशासन द्वारा अनुमति वापस लिए जाने के बाद इसका आयोजन स्थल बदलकर बन्नू स्कूल मैदान कर दिया गया। इस फैसले को लेकर कांग्रेस और राज्य सरकार के बीच राजनीतिक विवाद भी देखने को मिला।
राहुल गांधी ने अपने दौरे से पहले उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस का दावा है कि यह कार्यक्रम छात्रों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का मंच बनेगा।



