देहरादून में राहुल गांधी का हमला: बोले- पेपर लीक बन गया ‘मेन्यू कार्ड सिस्टम’, रिया थापा के पिता ने मांगा न्याय

देहरादून में आयोजित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में पेपर लीक की घटनाएं अब एक संगठित व्यवस्था का रूप ले चुकी हैं और इसकी तुलना “मेन्यू कार्ड सिस्टम” से की, जहां पैसे के आधार पर परीक्षा पत्र उपलब्ध होने के आरोप लगाए।
राहुल गांधी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में लाखों नहीं, बल्कि करोड़ों छात्रों का भविष्य पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान भर्ती परीक्षा से जुड़ी पीड़ित छात्रा रिया थापा के पिता ने भी अपनी बेटी को न्याय दिलाने की मांग उठाई। उन्होंने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की अपील की। इस दौरान कई अभ्यर्थियों और युवाओं ने भी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग दोहराई।
राहुल गांधी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का विश्वास कमजोर हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रणाली को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इस मुद्दे को लगातार उठाया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभ्यर्थी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



