मसूरी में बारिश बनी आफत: जेपी बैंड क्षेत्र में दो घरों में घुसा मलबा, एक मकान क्षतिग्रस्त

उत्तराखंड के मसूरी में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। सोमवार देर रात किंग्रेग के नीचे जेपी बैंड क्षेत्र में तेज बारिश के दौरान नालों से भारी मात्रा में मलबा, बोल्डर और पानी बहकर दो घरों में घुस गया। इस हादसे में एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि दूसरे घर में रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गया। समय रहते परिवारों के घरों से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका, प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र से मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया और परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। स्थानीय निवासी विमला थापा ने आरोप लगाया कि नालों में निर्माण सामग्री और मलबा डंप किए जाने के कारण बारिश के दौरान पूरा मलबा उनके घरों में घुस गया।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि यह केवल प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि मानवजनित लापरवाही का भी परिणाम है। उन्होंने कहा कि नालों में मलबा डाले जाने से बारिश का पानी सीधे लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इस घटना में छह परिवार प्रभावित हुए हैं और एक मकान को गंभीर नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों के अस्थायी ठहरने की व्यवस्था भी प्रशासन की ओर से की गई है।
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और आपदा राहत राशि के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, लगातार बारिश के कारण मसूरी-देहरादून मार्ग पर भी भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने जैसी घटनाएं सामने आई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।



