देहरादून में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो नशा तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 लाख रुपये

देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और सेलाकुई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी स्कूटी की डिक्की में कैटामाइन छिपाकर ले जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पहचान कैटामाइन के रूप में की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को इसकी आपूर्ति करने जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी निवासी हरदोई (हाल निवासी सेलाकुई) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन, एक जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस मामले में सेलाकुई थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ अब मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
एसटीएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



