रामगढ़ में महिलाओं का एक्शन: छेड़छाड़ करने वाले युवकों का मुंह किया काला, पुलिस ने शुरू की जांच

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामगढ़-भवाली क्षेत्र में महिलाओं ने छेड़छाड़ से परेशान होकर मनचलों के खिलाफ खुद मोर्चा खोल दिया। आरोप है कि लंबे समय से कुछ युवक महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ कर रहे थे। बार-बार शिकायतों के बावजूद जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो महिलाओं का धैर्य जवाब दे गया।
जानकारी के अनुसार, महिलाओं ने कथित मनचलों को पकड़ लिया और विरोध स्वरूप उनके चेहरों पर कालिख पोत दी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में काफी समय से महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मनचलों की हरकतों से उनका घर से निकलना तक मुश्किल हो गया था। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और वायरल वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा और मनचलों पर सख्त कार्रवाई की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।



