उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का असर: भूस्खलन से यमुनोत्री-गंगोत्री हाईवे बंद, प्रशासन ने यात्रियों से मौसम देखकर ही यात्रा करने की अपील

Listen to this News

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन, बोल्डर और मलबा आने के कारण बाधित हो गए। मार्ग बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि सड़कों को खोलने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्यानाचट्टी, जंगलचट्टी, बनास और बाड़िया के पास मलबा और चट्टानें गिरने से अवरुद्ध हो गया। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी हेल्गूगाड़ के समीप भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गर्जन और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 8 अगस्त तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मौसम और सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य लें। संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button