उत्तराखंड

हरेला पर्व पर सीएम धामी ने जागेश्वर धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और हरियाली की कामना

Listen to this News

अल्मोड़ा: हरेला पर्व के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अल्मोड़ा स्थित प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और राज्य में हरियाली व पर्यावरण संरक्षण की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक पर्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से भी मुलाकात की और प्रदेश के विकास, धार्मिक पर्यटन तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जागेश्वर धाम उत्तराखंड की आस्था और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

गौरतलब है कि हरेला पर्व के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। राज्य सरकार इस वर्ष भी पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button